पहासू। क्षेत्र के पलड़ा झाल में शनिवार रात नहर में गिरे बाइक सवार युवक का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने युवक की तलाश की मांग को लेकर रविवार दोपहर प्रदर्शन कर जाम लगाने का प्रयास किया। एसडीएम खुर्जा राकेश कुमार के मौके पर पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ।
सलेमपुर निवासी साबिर ने बताया कि उसका बेटा साजिद पलड़ा झाल से गांव की ओर आ रहा था। तभी नहर पुल पर गड्ढे में अनियंत्रित होकर बाइक गिर गया। साजिद बाइक समेत नहर में गिर गया। तेज बहाव होने के कारण स्थानीय लोगों ने तलाश किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। वहीं पुलिस और पीएसी के गोताखोर भी उसकी तलाश कर रहे हैं। ऐसे में युवक की तलाश के लिए ग्रामीण व परिजन वहां जमा थे।
गुस्साए परिजनों ने प्रशासनिक अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया और प्रदर्शन शुरू किया। वहीं जाम लगाने की तैयारी शुरू कर दी। कई लोगों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। मौके पर एसडीएम ने पहुंचकर ग्रामीणों से वार्ता कर उनको घर जाने के लिए कहा। केवल परिवार के कुछ सदस्य ही वह रहने की बात तय हुई। पहासू थाना प्रभारी चंद्रवीर सिंह चौहान ने बताया कि नगर में पानी बंद करवा दिया है। पीएसी के गोताखोर तलाश में जुटे हैं।