संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने शनिवार को 16 सूत्रीय मांगों को पूरा करने के लिए डीआईओएस कार्यालय पर धरना दिया। शिक्षकों ने डीआईओएस शिवकुमार ओझा को ज्ञापन दिया।
संघ के जिला अध्यक्ष आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि शिक्षकों की प्रमुख मांग पुरानी पेंशन बहाल करना है। पुरानी पेंशन ही वृद्धावस्था का समुचित जीवन स्तर बनाए रखने का माध्यम है। इसे सरकार को जल्द से जल्द बहाल करना चाहिए। दूसरी मांगों में वित्तविहीन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को समान वेतन देने, राजकीय शिक्षकों की तरह सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयोंं में कार्यरत शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी निशुल्क चिकित्सा सुविधा का लाभ दिया जाए। विनियमितीकरण से वंचित तदर्थ शिक्षकों को वेतन भुगतान किया जाए। बोर्ड परीक्षाओं की पारिश्रमिक दरेंं सीबीएसई के समान की जाएं।
वेतन अवशेष, महंगाई भत्ता, चयन, प्रोन्नत व पदोन्नति आदि का अवशेष भुगतान, विद्यालयों में कार्यरत कंप्यूटर और व्यवसायिक शिक्षक पूर्णकालिक शिक्षक के रूप में शिक्षण कार्य करें और उन्हें समान कार्य के लिए समान वेतन के सिद्धांत के आधार पर वेतन दिया जाए। सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाए समेत अन्य मांग शामिल हैं। इस अवसर पर जिला मंत्री वीर सिंह, जिला कोषाध्यक्ष मुदित शर्मा, आय व्यय निरीक्षक डॉ. मौ.अनीस, प्रदेशीय उपाध्यक्ष मौ.जाकिर, प्रदेशीय कार्यकारी सदस्य कामेश्वर शर्मा व रामअवतार शर्मा और सदस्य विजय शंकर उपाध्याय समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे।