किला मार्ग स्थित अवैध रूप से काटी गई कॉलोनी के प्लॉट तोड़ने पहुंची केडीएम की टीम को नागरिकों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए वापस लौटा दिया। दोबारा जाकर टीम ने जेसीबी चलाकर कॉलोनी को ध्वस्त कराया। इस दौरान नागरिकों के साथ अधिकारियों की जमकर नोकझोंक भी हुई।
बुधवार को खुर्जा विकास प्राधिकरण की टीम में आरसी श्रीवास्तव, जेई संजय, जेपी गुप्ता आदि की टीम किला मार्ग स्थित अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कराने पहुंची। जेसीबी को तोड़ते देख मौके पर काफी संख्या में महिलाएं और अन्य लोग पहुंच गए।
लोगों ने कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया और जमकर हंगामा किया। हंगामा बढ़ता देख केडीए की टीम वापस लौट गई। टीम ने केडीए सचिव को मामले की जानकारी दी। कुछ समय बाद फोर्स के साथ फिर से केडीए की टीम अवैध प्लाटिंग को तोड़ने पहुंच गई।
लोगों ने विरोध किया लेकिन पुलिस को देखकर लोग पीछे हो गए। केडीए सचिव इंदुप्रकाश सिंह ने बताया कि विरोध करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।