बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र में स्याना रोड पर एक खेत में स्थित पेड़ पर फंदे से बीते छह दिनों से लापता युवती का शव लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतारा और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी है।
देहात कोतवाली की नई मंडी चौकी क्षेत्र के गांव इमलिया निवासी 21 वर्षीय युवती पूजा गत 23 जुलाई को घर से कहीं चली गई थी। परिजनों के काफी खोजबीन के बाद भी उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग रहा था। दो दिन पूर्व परिजनों ने एक युवक पर आशंका जताते हुए अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। पुलिस युवती की तलाश कर रही थी। रविवार शाम को कुछ ग्रामीणों ने गांव के निकट ही एक खेत में युवती का शव लटका हुआ देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव की शिनाख्त की और परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव को नीचे उतारा और फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। युवती ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होने पर ही यह भी स्पष्ट हो सकेगा।