जंगल में मिला कारोबारी का शव, हत्या का आरोप
जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव विधिपुर के बंबे के पास से एक कारोबारी का शव बरामद हुआ है। मृतक गांव विधिपुर का ही रहने वाला था। परिजनों ने कारोबारी की हत्या कर शव को फेंकने का आरोप लगाया है। जबकि पुलिस ने प्रथम दृष्टया जांच में हत्या की बात से इंकार किया हेै। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मामले में अभी परिजनों ने तहरीर नहीं दी है।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र के गांव विधिपुर निवासी वीर सिंह (45) पुत्र चंद्रा सिंह पिछले कुछ सालों से बुलंदशहर में रहकर रेत और बालू का कारोबार करता था। उसकी पत्नी और बच्चे गांव में ही रहते थे। परिवार के गांव में रहने के चलते उसका गांव में अक्सर आना-जाना लगा रहता था। वीर सिंह का शव बुधवार देर शाम गांव के पास से गुजर रहे बंबे के पास से बरामद हुआ है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने वीर सिंह के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। परिजनों ने वीर सिंंह की हत्या कर शव को गांव से बाहर फेंकने का आरोप लगाया है, जबकि स्थानीय पुलिस ने प्रथम दृष्टया जांच में हत्या की बात से इंकार किया है। समाचार लिखे जाने तक घटना कीे कोई तहरीर न पहुंचने के चलते रिपोर्ट दर्ज नही हो सकी है।
वीर सिंह की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी भी चोट या धारदार हथियार से वार होना न बताकर कोई जहरीला पदार्थ खाने से मृत्यु का जिक्र है। परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी। पुलिस अपने स्तर से सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। - विवेक शर्मा, कोतवाली प्रभारी