अहमदगढ़। थाना क्षेत्र के गांव रानीवाला में बृहस्पतिवार दोपहर कोल्ड स्टोर के पास स्थित एक ट्यूबवेल की हौदी में 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस को मौके से शराब की बोतल और पानी की बोतल बरामद हुई है, जिसके आधार पर प्रारंभिक जांच में नशे की हालत में गिरने से मौत होने की बात सामने आ रही है।
थाना क्षेत्र के गांव जगदीशपुर नौरंगाबाद निवासी विनीत उर्फ कालू (32) बृहस्पतिवार को दोपहर करीब 12 बजे किसी काम से घर से निकला था। शाम को उसका शव रानीवाला गांव के एक ट्यूबवेल की हौदी में मिला। परिजनों ने अहमदगढ़ थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर अहमदगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक प्रेमचंद शर्मा, सीओ शिकारपुर मधुप कुमार सिंह और फोरेंसिक टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस को घटनास्थल से देशी शराब की एक फ्रूटी और एक पानी की बोतल भी बरामद हुई है। सीओ शिकारपुर मधुप कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में ऐसा लग रहा है कि युवक नशे की हालत में हौदी में गिर गया होगा लेकिन परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है।