जहांगीरपुर। उस्मानपुर गांव में बृहस्पतिवार सुबह युवक का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने आत्महत्या की बात कही है। गांव निवासी सतवीर सिंह ने बताया कि उनका छोटा भाई रविंद्र (38) खेती कर परिवार का पालन पोषण करता था। बुधवार को रविंद्र और उनकी पत्नी के बीच मामूली बात को लेकर झगड़ा हो गया था। शोर सुनकर परिवार के लोग घर पहुंचे और मामला शांत कराया। गृह क्लेश ज्यादा नहीं बढ़े, इसलिए रविंद्र की पत्नी घेर में सोने चली गई। बृहस्पतिवार सुबह जब घर पहुंची तो सन्नाटा पसरा हुआ था। कमरे में गई तो देखा की रस्सी के फंदे से रविंद्र का शव लटका हुआ था। पत्नी ने शोर मचाया तो पड़ोस में रहने वाले परिवार के अन्य लोग वहां आ गए। सतवीर ने बताया कि रविंद्र ने कमरे की छत पर लगे गाटर से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद से गांव में मातम पसर गया। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों ने कार्रवाई से इन्कार कर दिया।