रक्षाबंधन पर बेटी बोली, मैंने माता-पिता को चाकुओं से गोद डाला
सिकंदराबाद। रक्षाबंधन पर्व पर एक बेटी ने फोन कर पुलिस को ऐसी सूचना दी कि दरोगा से लेकर अफसरान तक सभी में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान सूचना फर्जी पाए जाने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। झूठी सूचना देने पर पुलिस तीन लोगों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले आई। जेल चौकी प्रभारी उजेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार को एक युवती ने डायल 112 पर फोन कर सूचना दी कि उसने अपने माता-पिता को चाकुओं से गोंद दिया। सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। बताया कि वह पुलिसबल के साथ गांव में पहुंचे। लेकिन सूचना देने वाली युवती ने अपना फोन बंद कर लिया। किसी तरह वह जानकारी कर युवती के घर पहुंची, जहां युवती ने बताया कि किसी बात को लेकर उसकी अपने भाई से कहासुनी हो गई थी। गुस्से में आकर उसने भाई के मोबाइल से डायल 112 पर इस तरह की सूचना दे दी। उजेंद्र सिंह ने बताया कि फर्जी सूचना देने पर युवती के साथ ही उसके भाई, पिता से पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई की जाएगी।