दुबई जाने की फिराक में था दानिश, एसटीएफ ने लखनऊ से पकड़ा
बुलंदशहर। एसटीएफ नोएडा की टीम ने पूर्व सदर ब्लॉक प्रमुख हाजी यूनुस पर जानलेवा हमला करने की साजिश में नामजद आरोपी दानिश को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से फर्जी पासपोर्ट व अन्य सामान भी बरामद हुआ है। बताया गया कि वह दुबई भागने की फिराक में था।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव भाईपुरा में गत पांच दिसंबर को पूर्व ब्लाक प्रमुख हाजी यूनुस पर जानलेवा हमला हुआ था। जिसमें उनके एक साथी की गोली लगने से मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर यूनुस के मरहूम भाई पूर्व विधायक हाजी अलीम के पुत्र दानिश, जेल में बंद अनस, असद, जैद समेत दो अन्य नामजद आरोपियों पर हत्या की साजिश रचने व शार्प शूटरों से हत्या कराने के लिए हमला करने की रिपोर्ट दर्ज की थी। एसटीएफ व देहात कोतवाली पुलिस ने शूटर लाखन समेत अन्य आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अलीम का पुत्र अनस पिता की हत्या के मामले में पहले से ही जेल में ही बंद था। पुलिस की जांच में सामने आया था कि साजिश रचने के बाद आरोपी दानिश, हारिश और असद पूर्व ब्लॉक प्रमुख यूनुस पर हमले से दो दिन पूर्व ही दुबई चले गए थे।
अब एसटीएफ को सूचना मिली कि आरोपी दानिश लखनऊ के थाना दुबग्गा क्षेत्र में नाम बदलकर रह रहा है। इसके बाद एसटीएफ ने लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। दानिश वहां हारम अली के नाम से रह रहा था। उसके पास से फर्जी पासपोर्ट व अन्य सामान भी मिला। गहनता से पूछताछ मेें बताया कि वह गत जून माह में ही दुबई से वापस लौटा था। साथ ही अब फिर से फर्जी पासपोर्ट के माध्यम से दुबई भागने की फिराक में था।
फर्जी दस्तावेज से बनवाया पासपोर्ट, जुलाई में उसी से घूमा अरब देश
एसटीएफ की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया है कि दानिश ने वर्ष 2020 में लखनऊ में सलीम नाम के एजेंट से फर्जी आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड बनवाया था। इसके बाद फर्जी दस्तावेजों से पासपोर्ट भी हरम अली पुत्र इस्तीफा खान निवासी बी-टू नूर नदीम प्लाजा, सीतापुर रोड नियर मोहविला पुर, अलीगंज लखनऊ के नाम से बनवा लिया था। उस पासपोर्ट पर उसने गत जुलाई-अगस्त में अरब देशों की यात्रा भी की थी। उसके खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज बनवाना, पासपोर्ट अधिनियम, विदेश विषयक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गाय है। साथ ही उसे देहात कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया है।
दानिश को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से फर्जी दस्तावेज व उनके माध्यम से विदेश यात्रा का मामला भी सामने आया है। - सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसपी सिटी