सिकंदराबाद माता-पिता के साथ गोल्ड मेडल विजेता दक्ष और मितरा। संवाद
सिकंदराबाद। इंडियन गेम्स एंड स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित 13वीं नेशनल चैंपियनशिप-2025 में शिवाजी नगर मूल रूप से गांव निजामपुर निवासी सगे बहन-भाई दक्ष व मितरा ने दौड़ प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
दक्ष व मितरा के पिता श्याम सिंह ने बताया कि 28 सितंबर को आईपीएस कॉलेज ग्वालियर (मध्यप्रदेश) में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें दक्ष ने अंडर-17 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं उनकी बहन मितरा ने अंडर-14 बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में बाजी मारते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। नगर में दोनों विजेता खिलाड़ियों के पहुंचने पर नागरिकों और खेलप्रेमियों ने उनका ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। जगह-जगह फूल-मालाओं से सम्मानित किया गया।