किसानों का लाखों रुपये डकार चुके बिजलीघर जेई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। किसानों से यह धोखाधड़ी ट्यूबवेलों के कनेक्शन और ट्रांसफार्मर बदलवाने के नाम पर की गई है। किसानों द्वारा एमडी से शिकायत के बाद एक्सईएन ने जेई को निलंबित किया है।
स्याना खंड के पवसरा बिजलीघर प्रभारी जेई गोपीचंद पर आरोप है कि उसने ट्यूबवेल कनेक्शन और ट्रांसफार्मर बदलवाने के नाम पर किसानों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी की है। किसानों का आरोप था कि जेई द्वारा क्षेत्र में बड़े स्तर पर चोरी से ट्यूबवेल भी चलवाई जा रही हैं। मामले की शिकायत किसानों ने एमडी से की थी।
एमडी ने पूरे मामले में अधीक्षण अभियंता को जांच के निर्देश दिए थे। अधीक्षण अभियंता की जांच में मामला सही पाया गया है। जांच के बाद जेई गोपीचंद को एक्सईएन राकेश मोहन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
एक्सईएन राकेश मोहन ने बताया कि जेई पर लगे आरोप काफी गंभीर थे। प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए गए हैं। जिसके बाद जेई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जा रही है।
जेई पर लगे आरोप काफी गंभीर थे। सभी की जांच चल रही है। फिलहाल जेई गोपीचंद को निलंबित कर दिया गया है।
राकेश कुशवाहा, अधीक्षण अभियंता