बुलंदशहर। मेडिकल कॉलेज के नए भवन में सीटी स्कैन की सोमवार से सुविधा देने के लिए विभाग तैयारियों में जुटा हुआ है। शनिवार को ट्रायल के साथ वाईफाई से मशीन को जोड़ने का कार्य हुआ। मशीन का संचालन शुरू होने पर मरीजों को सीटी स्कैन कराने के लिए खुर्जा तक की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
सड़क हादसों में प्रतिदिन घायल मरीजों का एमआरआई व सीटी स्कैन कराने की जरूरत पड़ती है। एमआरआई की सुविधा जहां जिले के किसी भी सरकारी चिकित्सालय में नहीं हैं तो वहीं, सीटी स्कैन केवल खुर्जा के जटिया चिकित्सालय में संचालित हो रहा है। सीटी स्कैन के लिए मरीजों को खुर्जा की दौड़ लगानी पड़ती हैं।
अब मेडिकल कॉलेज के नए भवन के ग्राउंड फ्लोर पर सीटी स्कैन मशीन लगाई है। जिसके संचालन में पिछले एक माह से मेडिकल कॉलेज प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है जो अंतिम चरण में चल रहा है। सीटी स्कैन के बाद नए भवन में डिजिटल एक्सरे और अल्ट्रासाउंड की भी सुविधा शुरू हो जाएगी।
कोट
नए चिकित्सालय के ग्राउंड फ्लोर पर सीटी स्कैन मशीन का ट्रायल सफल रहा। अब वाईफाई से जोड़ने का कार्य चल रहा है। संभावना है सोमवार से मरीजों को इसकी सुविधा मिलने लगेगी। सीटी स्कैन मशीन का संचालन शुरू होने से मरीज और तीमारदार दोनों को काफी राहत मिलेगी।
- डॉ. धीर सिंह
, चिकित्सा अधीक्षक मेडिकल कॉलेज