शिकारपुर। पुलिस की मंगलवार रात लूट की वारदात में फरार चल रहे शातिर बदमाश के साथ मुठभेड़ हुई। इसमें आरोपी बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उपचार व पूछताछ के बाद उसका चालान कर दिया है।
एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि थाना शिकारपुर पुलिस की टीम शिकारपुर-खुर्जा रोड पर मंगलवार देर रात पंचगई गेट के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बादशाहपुर पंचगई की तरफ से बाइक पर एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो वह फायरिंग करते हुए तेजी से बाइक मोड़कर भागने लगा। टीम ने तत्काल बदमाश का पीछा किया और घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाश ने एक बार फिर जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस टीम की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश की पहचान अरुण कुमार, निवासी झंडा मुशर्रफपुर, थाना हाफिजपुर, जनपद हापुड़ के रूप में हुई। आरोपी से चोरी की बाइक, अवैध असलहा और पूर्व में लूटी गई बाइक के दस्तावेज बरामद किए हैं।