रस्सी को सांप बनाने वाली यूपी पुलिस का एक और कारनामा सामने आया है। मामूली मारपीट में दर्ज हुई रिपोर्ट के बाद पुलिस ने बिना जांच किए ही 75 साल के बुजुर्ग को गुंडा बना दिया। देखने में दुबला-पतला शरीर और गिर चुके दांत उसके वृद्ध होने की गवाही दे रहे थे।
मजे की बात यह है कि बुजुर्ग जब शिकायत लेकर एसएसपी के सामने हाजिर हुए तो वह जोर से हंस पड़े और बीबीनगर पुलिस को जांच कर 110जी के नोटिस को समाप्त करने के आदेश दे दिए। बीबीनगर थाना क्षेत्र के बलीपुर गांव निवासी रगवर पुत्र नत्थू ने एसएसपी को बताया कि वह 75 साल का बुजुर्ग है।
पेशे से किसान रगवर ने बताया कि गांव के मूलचंद शर्मा ने तीन लोगों के खिलाफ आठ अप्रैल को संबंधित धाराआ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब हालात ये हैं कि पुलिस ने मूलचंद के इशारे पर ही रगवर उसके पुत्र संजय और पोते सोनू के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई कर दी। 110जी का नोटिस जब उन्हें मिला तो उन्हें यह जानकारी हुई।
पुलिस ने बिना जांच के बनाई अपनी रिपोर्ट में बताया कि रगवर एक शातिर किस्म का अपराधी है। थाना क्षेत्र की जनता में भय व आतंक व्याप्त है, जिसके चलते समाज के लोग इसके खिलाफ न ही एफआईआर दर्ज कराते और न ही गवाही देने को कोई तैयार होता है।
एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि बीबीनगर पुलिस ने बिना जांच के ही यह कार्रवाई की है। थाना प्रभारी को कार्रवाई दुरुस्त करने के आदेश दिए हैं। लापरवाही बरतने वाले बीट कांस्टेबल के खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।