संदिग्ध कार को चेक करने पर तीन बदमाश सहित हिस्ट्रीशीटर प्रधानपति ने सिपाहियों पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाश सिपाहियों को अधमरा कर उनकी कार लूटकर भाग गए। सूचना पर एसओ बीबीनगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने गंभीर रूप से घायल एक सिपाही को हापुड़ के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। सिपाही की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान पति व उसके पिता समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
सिपाही अमरजीत सिंह ने तहरीर में बताया कि शुक्रवार रात वह अपने साथी सिपाही अनिल कुमार के साथ निजी कार से कटक नहर पुल से कुचेसर मार्ग पर गश्त कर रहे थे। कार की डिग्गी में पांच बड़े थैलों में गैर प्रांत की अवैध शराब थी।
पूछताछ करने पर गाड़ी चालक हिस्ट्रीशीटर बदमाश गांव तिबड़ा के प्रधानपति हरेंद्र सिंह ने अपने पिता जगवीर व साथियों के साथ मिलकर सिपाहियों पर जानलेवा हमला बोल दिया। बदमाशों ने नजदीक के क्रेशर से लोहे के पलटे से सिपाही अनिल पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए।
जिससे सिपाही अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया। बदमाशों ने सिपाही को अधमरा कर सरकारी असलाह छीनने का भी प्रयास किया। बदमाश सिपाहियों की कार लूट कर कुचेसर रोड की तरफ भाग गए। घायल सिपाही ने घटना की सूचना थाने को दी।
एसओ सुभाष चंद मय फोर्स के मौके पर पहुंचे तथा क्षेत्र में कांबिंग की, लेकिन हमलावरों का पता नहीं चला। पुलिस ने घायल सिपाही अनिल को हापुड़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। एसओ सुभाष चंद ने बताया कि सिपाही अमरजीत की तहरीर पर हिस्ट्रीशीटर ग्राम प्रधानपति हरेंद्र उसके पिता जगवीर व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।