किराना दुकान का बकाया वसूल कर कार से लौट रहे जहांगीराबाद के थोक व्यापारी व पूर्व सभासद के बेटे से दो बाइक पर सवार हथियारबंद तीन बदमाशों ने ढाई लाख रुपये लूट लिए। बदमाश वारदात को अंजाम देकर मेरठ-बदायूं स्टेट की ओर भाग गए। वारदात चैनपुरा और रावत पब्लिक स्कूल के बीच हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना किया।
पुलिस के अनुसार जहांगीराबाद निवासी पूर्व सभासद निर्मल कुमार और राकेश कुमार सगे भाई हैं। उनका कस्बे में किराना सामान के थोक व्यापारी हैं। उनकी फर्म से किराने का सामान शिकारपुर क्षेत्र के व्यापारी भी ले जाते है। रविवार को राकेश कुमार का बेटा शिवम गर्ग समान का बकाया वसूलने कार से शिकारपुर के व्यापारियों के पास गए थे।
शाम करीब पांच बजे शिवम उधारी वसूल कर लौट रहे थे। जैसे वह कार लेकर चैनपुरा और रावत पब्लिक स्कूल के बीच पहुंचे। पीछे से आए दो बाइकों पर सवार हथियारबंद तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी कार रुकवा ली।
बदमाशों ने तमंचे के बल पर व्यापारी पुत्र को बंधक बना लिया और ढाई लाख रुपये से भरा थैला लूट लिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर बदमाश मेरठ-बदायूं स्टेट हाईवे की ओर भाग गए। एसएचओ शैलेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
निजी सफाईकर्मी से बाइक-नकदी लूटी
ड्यूटी से घर लौट रहे सफाई कर्मचारी से बदमाशों ने हथियार के बल पर बाइक व नकदी लूट ली। पीड़ित ने तहरीर दी है। थाना क्षेत्र के गोबरा गांव निवासी नानकचंद पुत्र दीपचंद ने बताया कि वह नोएडा स्थित माल में सफाईकर्मी हैं। शनिवार रात करीब आठ बजे वह ड्यूटी से बाइक पर गांव लौट रहे थे।
तभी हिरनौटी नहर के पुल के पास बदमाशों ने घेर लिया। जैसे ही उन्होंने बाइक रोकी आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने मारपीट कर उससे बाइक, नकदी, मोबाइल लूट लिया।