लूट के इरादे से व्यापारी को अगवा कर भाग रहे इनोवा सवार तीन लुटेरों को सिकंदराबाद पुलिस ने चेकिंग के दौरान दबोच लिया। लुटेरों के एक साथी को जेवर के गांव के ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ लिया। दो लुटेरे फरार होने में कामयाब हो गए थे।
कानपुर निवासी विनय मेहता ने बताया कि उनका कानपुर में जूतों का कारोबार है। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजकर 10 मिनट पर वह उन्नाव निवासी अपने ड्राइवर कल्लूलाल के साथ महेंद्र एक्सयूवी गाड़ी से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे।
वह माल का भुगतान करने के लिए दिल्ली जा रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने जेवर टोल प्लाजा पार किया तो पीछे से आ रही सफेद रंग की इनोवा सवार बदमाशों ने यमुना एक्सप्रेस-वे दियानतपुर गांव के निकट उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया।
लुटेरों ने हथियारों के बल पर विनय को आतंकित कर अपनी इनोवा गाड़ी में डाल लिया। तीन लुटेरे उसके ड्राइवर के साथ उसकी गाड़ी में सवार हो गए। विनय ने बताया कि लुटेरों ने जब उसे कैश के बारे में पूछा तो उसने बताया कि कैश का बैग उसकी गाड़ी में है।
थोड़ी दूरी पर लुटेरे विनय को चलती गाड़ी से हाईवे किनारे फेंककर भाग गए। इसी दौरान वहां पहुंची हाईवे सिक्योरिटी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर जेवर पुलिस लुटेरों के पीछे लग गई और वायरलेस पर मैसेज फ्लैश कर दिया।
लुटेरे जेवर से सिकंदराबाद की ओर निकल गए। सूचना पर अलर्ट सिकंदराबाद पुलिस ने छह में से इनोवा सवार तीन लुटेरों को दबोच लिया। पुलिस पकड़े गए लुटेरों से पूछताछ कर रही है।
वहीं लुटेरों के अन्य तीन साथियों की गाड़ी कच्चे रास्ते पर जाने के कारण जेवर के गांव राम मेहर में फंस गई। संदेह होने पर ग्रामीणों ने लुटेरों को घेर लिया। लुटेरों के दो साथी फरार हो गए जबकि एक लुटेरे को ग्रामीणों ने दबोच लिया। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि पकड़े गए लुटेरों से पूछताछ की ेजा रही है।