रुपयों के लेन-देन के विवाद में एक दंपति ने शुक्रवार रात अपने बेटे के साथ मिलकर दो युवकों की सिर कूंचकर हत्या कर दी। तीनों के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने मौके से वारदात में इस्तेमाल ईटें और डंडा बरामद किया है। हंगामे की आशंका पर पुलिस ने रात में ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर के गद्दीवाड़ा निवासी रामकिशन पुत्र नथ्थू पिछले तीन-चार माह से अपने परिवार के साथ खत्रीवाड़ा निवासी बाल किशन पुत्र पन्नालाल प्रजापति के पक्का बाग स्थित मकान में किराए पर रह रहा था। उस पर निजामपुर निवासी रॉकी उर्फ आदित्य पुत्र मान सिंह के 30 हजार रुपये उधार थे। शुक्रवार रात उसने रॉकी को रुपये देने के लिए घर बुलाया।
रॉकी निजामपुर के ही गौरव पुत्र रमेश शर्मा के साथ रात 11 बजे रामकिशन के घर पहुंचा। रॉकी के भाई भागेश का आरोप है कि रामकिशन, उसकी पत्नी राममूर्ति और बेटे वरुण ने दोनों को कमरे में बंद करके पीटा और ईंटों-डंडों से सिर कूंचकर उनकी हत्या कर दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने रात्रि करीब 1.00 बजे पक्का बाग में खाली पड़े प्लाट में रॉकी का शव बरामद किया। काफी तलाश के बाद पुलिस को करीब दो घंटे बाद दूसरे खाली पड़े प्लाट में गौरव का शव मिला। पुलिस ने मृतकों के जेब में मिले कागजात के आधार पर उनकी शिनाख्त की।
हंगामे की आशंका के चलते पुलिस ने रात में ही दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रॉकी के भाई भागेश की तहरीर पर पुलिस ने रामकिशन, राममूर्ति और वरुण के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने मौके से रक्त रंजित ईटे-डंडा बरामद किया है।