कोतवाली क्षेत्र के गद्दीवाड़ा निवासी मूकबधिर आजाद की हत्या कोतवाली के हिस्ट्री शीटर शाहनवाज ने रुपयों के लेन-देन के विवाद में ईंटों से कुचलकर की थी। पांच हजार के इनामी बदमाश शाहनवाज ने दिल्ली पुलिस ने 3 फरवरी को चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया था।
बता दें कि 23 दिसंबर की तड़के नगर के छासियानगढ़ी में नगर के गद्दीवाड़ा निवासी मूकबधिर आजाद(34वर्ष)पुत्र शमशाद का खाली पड़े प्लाट में रक्त रंजित शव मिला था। आजाद की हत्या ईंटों से कुचलकर की गई थी।
कोतवाल जितेंद्र कुमार ने बताया कि 3 फरवरी को दिल्ली के थाना सलेमपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान नगर के बकरकसाबान निवासी हिस्ट्रीशीटर पांच हजार के इनामी शाहनवाज को उसके साथी इरशाद व शाकिर के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में शाहनवाज ने दिल्ली पुलिस को बताया कि लेन-देन के विवाद में उसने मूकबधिर आजाद की ईंटों से कुचलकर हत्या की थी।
कोतवाल ने बताया कि वह आजाद की हत्या सहित कोतवाली में उसपर दर्ज अन्य अपराधिक मामलों में पूछताछ करने के लिए दिल्ली की कोर्ट में शाहनवाज की रिमांड हासिल करने के लिए अर्जी डाली है।
चोरों के गैंग का सरगना है शाहनवाज
बकरकसाबान निवासी शाहनवाज पॉश इलाकों में फ्लैटों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर गैंग का सरगना है। अप्रैल 2016 में कोतवाली जितेंद्र कुमार ने शाहनवाज गैंग के इमरान हैजा, इरशाद, पप्पू हाथी, आसकीन उर्फ पजामा को गिरफ्तार कर उनके पास से 30 लाख के जेवरात बरामद किए थे।
उस वक्त शाहनवाज पुलिस को चमका देकर भाग निकला था। वांछित शाहनवाज पर एसएसपी ने पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।