एफबी पर अधिवक्ताओं को भेजे मैसेज
- फोटो : ब्यूरो
नगर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक अधिवक्ता की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। बाद में जुड़ने के बाद उन्हें अश्लील मैसेज भी भेजे। मेरठ बार के अध्यक्ष और अन्य अधिवक्ताओं से जानकारी मिलने के बाद उक्त अधिवक्ता ने एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कैलाशपुरी में रहने वाले अधिवक्ता नवीन मित्तल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी नवीन मित्तल एडवोकेट नाम से फेसबुक पर आईडी बनी हुई है। जिसमें तीन से चार हजार लोग जुड़े हुए हैं।
नवीन ने बताया कि करीब एक माह पहले किसी शातिर ने नवीन मित्तल नाम से फेसबुक पर आईडी बनाकर उनका फोटो लगा दिया। लेकिन उसमें पता दिल्ली का भर दिया। आरोपी ने नवीन मित्तल के दोस्तों-परिचितों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर जोड़ा और बाद में उन्हें अश्लील मैसेज भेजने शुरू कर दिए।
एक दिन मेरठ बार के अध्यक्ष ने फोन पर नवीन मित्तल को यह जानकारी दी। इसके बाद कई और लोगों ने अश्लील मैसेज भेजने का विरोध किया। एडवोकेट नवीन मित्तल ने बताया कि उन्होंने फौरन ही कोतवाली में एफआईआर दर्ज करा दी है।
नगर कोतवाल राजवर्धन गौड़ ने बताया कि एडवोकेट नवीन मित्तल की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच के बाद शातिर को पकड़ा जाएगा।