ग्राम चिड़ावक में हाजियों की खिदमत के लिए सऊदी अरब भेजने के नाम पर कई लोगों से लाखों रुपये की रकम ठगने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी ने लोगों से ली गई रकम के साथ ही उनके पासपोर्ट भी नहीं लौटाए हैं। मामले की शिकायत स्टेट हज कमेटी से की गई है।
पीड़ित ग्राम चिड़ावक निवासी मरगूब अली ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि दो लोगों द्वारा उन्हें यह प्रलोभन दिया गया कि हाजियों की खिदमत के लिए सऊदी अरब भेजा जाएगा। कुल 25 हजार रुपये का खर्चा है। आरोपियों ने वीजा बनवाने के लिए कहकर उसका पासपोर्ट ले लिया तथा एडवांस 12 हजार रुपये भी ले लिए।
उसे बताया गया कि सऊदी पहुंचने पर उन्हें तिगुनी रकम लौटाई जाएगी। उसे बताया गया कि एक से 6 अगस्त के बीच किसी भी फ्लाइट से आपको भेज दिया जाएगा। मरगूब अली ने बताया कि उसने कर्जा लेकर रकम जुटाई, परंतु तारीख बीतने पर भी कथित एजेंट से कोई संपर्क नहीं हुआ। गांव के रूस्तम, निजामुद्दीन, अशफाक, रियाज खां, मुस्तकीम, इरशाद, जावेद समेत 20 लोगों के पासपोर्ट तथा रकम आरोपियों द्वारा ली गई है, परंतु किसी को सऊदी नहीं भेजा गया।
इस मामले में संलिप्त गांव के एक व्यक्ति से जब संपर्क किया गया तो उसने कहा कि वह पासपोर्ट व रकम वापसी के लिए कोशिश करेगा। इस बारे में दिल्ली स्टेट हज कमेटी से जुड़े पूर्व प्रधान हाजी साबिर का कहना है कि उनसे भी कई लोग मिले हैं, जिनके साथ हाजियों की खिदमत के लिए सऊदी अरब भेजने के नाम पर ठगी की गई है। आरोपियों की तलाश कराई जा रही है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।