चौकी क्षेत्र के गांव नैथला-हसनुपर के पास बुलंदशहर से लौट रहे रिटायर्ड शिक्षक से बाइक सवार तीन बदमाशों ने गनप्वाइंट पर 18 हजार रुपये लूट लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कांबिंग की, लेकिन लुटेरों का कोई पता नहीं चला। पीड़ित ने तहरीर देकर लुटेरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रेम सिंह पुत्र नरपत सिंह निवासी चोला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह शिक्षक के पद से रिटायर्ड हैं। बुलंदशहर में रेलवे स्टेशन के निकट भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से शनिवार दोपहर 18 हजार रुपये निकालकर बाइक से घर लौट रहे थे।
नैथला-हसनपुर रजवाहे के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रुकवा ली और गन प्वाइंट पर उनसे 18 हजार रुपये लूट लिए। प्रेम सिंह ने कंट्रोल रूम को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है।