दो साल बाद घर लौट रहा लापता युवक सोमवार रात कालाआम चौराहे के पास लहूलुहान हालत में मिला। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया डॉक्टरी जांच में पता लगा कि किसी ने उसका गुंप्तांग काट दिया है। घायल युवक ने उन किन्नरों पर इस कृत्य का आरोप लगाया है जिनके साथ वह दो साल तक रहा।
हालांकि इस मामले में पुलिस ने खबर लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है लेकिन घायल के आरोपों की छानबीन शुरू कर दी है। जिला अस्पताल से डॉक्टरों ने घायल को मेरठ रेफर किया है। कोतवाली देहात के गांव जालखेड़ा निवासी एक व्यक्ति पिछले कुछ सालों से नगर कोतवाली क्षेत्र के हरी एंकलेव में परिवार सहित रहता है। उसके दो पुत्र हैं। 18 वर्षीय बड़ा बेटा 12वीं कक्षा में पढ़ता था।
11 अप्रैल 2015 को वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। पिता ने नगर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। काफी दिन तक युवक का कोई पता नहीं चला लेकिन कुछ दिन बाद युवक ने परिजनों को कॉल और मैसेज करना शुरू कर दिया था।
वह कहता था कि वह जहां है ठीक है। कुशलता की जानकारी मिलते रहने पर परिजन भी राहत में थे। दो दिन पहले युवक ने घर आने की जानकारी परिजनों को दी। जानकारी मिलने के बाद से परिजन बेहद खुश थे। परिजनों ने बताया कि वह घर लौट रहा था लेकिन रास्ते में ही कुछ लोगों ने उसका अपहरण कर लिया।
आरोपियों ने उसके प्राईवेट पार्ट काट दिए और लहूलुहान हालत में कालाआम चौराहे के पास फेंककर चले गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने बताया कि युवक पर चाकू से हमला किया गया है।
डॉक्टरों ने घायल युवक को मेरठ रेफर कर दिया। प्राइवेट पार्ट काटे जाने से आशंका जताई है कि युवक किन्नरों के चंगुल में फंस गया था। जिन्होंने उसके प्राइवेट पार्ट काट लिए हैं। खबर लिखे जाने तक वारदात के संबंध में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।