दो हथियारबंद बाइक सवार चार बदमाशों ने बुधवार सुबह रिटायर्ड फौजी व पंजाब नेशनल बैंक स्याना के सिक्योरिटी गार्ड को गोली मारकर दस हजार रुपये नकदी सहित उनकी पत्नी से सोने के कुंडल, अंगूठी व मोबाइल लूट लिया। फौजी के दाहिने हाथ में लगी गोली फंसी होने के कारण उन्हें रेफर किया गया।
उधर, दूसरे मामले में बदमाशों ने बाइक सवार बेटा व उसकी मां से नकदी वह गहले लूट कर भाग गए। सूचना पर एसपी सिटी, सीओ सहित कोतवाल कमलेश शुक्ला मौके पर पहुंचकर पीड़ितों से वारदात की जानकारी ली।
बुधवार की सुबह निसुर्खा गावं निवासी सिक्योरिटी गार्ड निहाल सिंह अपनी पत्नी विमलेश देवी के साथ अपने गांव से मांकड़ी जा रहे थे। खाद मोहननगर के गन्ना क्रय केंद्र के पास पीछे से बाइक सवार चार सशस्त्र बदमाशों ने गार्ड की बाइक को ओवर टेक कर रुकवा लिया।
इसके बाद तमंचे के बल पर लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने गार्ड को गोली मार दी। गोली गार्ड के दाहिने हाथ में लगी। इसी बीच दूसरे बदमाशों ने उनकी पत्नी विमलेश से सोने के कुंडल व अंगूठी सहित मोबाइल लूट लिया। वारदात के बाद बदमाश खाद मोहननगर से खानुपर रजवाहे की ओर भाग गए।
इसी बीच बदमाशों ने मांकड़ी नहर पर भोलिया मोड़ के पास बाइक सवार मोहित व उसकी मां सुनीता को तमंचे के बल पर तीन हजार रुपये व सोने के कुंडल लूट लिए। सीओ श्रेष्ठा ठाकुर का कहना है कि वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। एसओजी व सर्विलांस टीम को भी जांच के लिए लगाया गया है। पुलिस ने पीड़ितों की ओर से घटना को दर्ज किया है।