संदिग्ध हालात में लापता लड़के की लाश शादी से छह दिन पहले गांव के बंबे में मिली है। लड़के की रस्सी से गला घोंटकर हत्या की गई है।
पीड़ित के पिता ने गांव के ही बाप-बेटे के खिलाफ तहरीर दी है। 28 फरवरी को लड़के और उसके भाई की शादी होनी थी।
बता दें कि रविवार को निजामपुर निवासी महरचंद पुत्र सलेक चंद ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि था कि 19 फरवरी की शाम को उसका बेटा उमेश उर्फ मोनू संदिग्ध हालात में लापता हो गया था।
महरचंद ने अपहरण की आशंका जताई थी। सोमवार दोपहर करीब दो बजे मोनू का शव गांव के बाहर बंबे से बरामद की गई। मोनू की रस्सी से गला घोंटकर हत्या की गई है।
उसके गले से अब भी रस्सी लिपटी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि 28 फरवरी को मोनू और उसके बड़े भाई सोनू की भराना गांव में बारात जानी थी।