पशु चोरी के मामले में कार्रवाई न करने पर गंगहारी गांव के ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया। वहां हंगामा करने के बाद ग्रामीणों ने पवसरा तिराहे पर बुलंदशहर-औरंगाबाद-गढ़ स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया।
जाम खुलवाने पहुंचे पुलिस अफसरों ने ग्रामीणों की नोकझोंक भी हुई। ग्रामीणों ने दो दिन में कारवाई न होने पर फिर से आंदोलन का एलान करते हुए जाम खोला। इस दौरान आधे घंटे तक वाहनों की आवागमन बाधित रहा।
बता दें कि गंगहारी निवासी जगदीश चौधरी के घेर पर उनका बड़ा पुत्र सतीश चौधरी सोया हुआ था। बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे महिंद्रा पिकअप सवार आधा दर्जन चोरों ने जगदीश के घेर की दीवार में कूमल कर तीन पशु चोरी कर लिए।
आहट पर जागे सतीश ने शोर मचाया तो चोर फायरिंग करते हुए भाग निकले। सतीश ने 100 नंबर पर आठ बार काल की लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। रात में ही थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी तो करीब डेढ़ घंटे बाद दो कांस्टेबल गांव पहुंचे और पूछताछ कर लौट गए।
शुक्रवार सुबह 10 बजे दो ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर 70- 80 ग्रामीण थाने पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। घेराव की सूचना पर भाकियू के युवा जिलाध्यक्ष गुडडू प्रधान मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पवसरा तिराहे पर बुलंदशहर-औरंगाबाद-गढ़ स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना पर दो एसआई पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। इस दौरान नोंक झोंक भी हुई। ग्रामीणों ने पुलिस को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि दो दिन में घटना का खुलासा नहीं हुआ तो पुलिस के खिलाफ आंदोलन होगा। बाद में ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।