चौकी क्षेत्र में नीलगाय के झुंड से टकराकर एक बाइक सवार की मौत हो गई जबकि अलग-अलग हुए दो हादसों में दो लोग घायल हो गए। बाइक टकराने से एक नीलगाय की भी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार शिवकुमार (19) पुत्र गजेंद्र निवासी बिरौंडी ताजपुर एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे अपने दोस्त विक्की पुत्र ओमवीर के साथ बाइक द्वारा बाइक से बुलंदशहर जा रहा था। जब वह दोनों गांव नैथला हसनपुर के पास पहुंचे तो 14-15 नीलगाय का झुंड सड़क पार करने लगा।
बाइक के सामने अचानक आए झुंड के चलते शिवकुमार बाइक समेत नीलगाय से टकरा गया। नीलगाय से टकराने पर शिवकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक से टकराने पर एक नीलगाय की भी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गांव बालका निवासी वीरेंद्र पुत्र लक्ष्मण सिंह बुलंदशहर से चोला चौकी की तरफ जा रहा था। वह भी नीलगाय के झुंड से टकराकर घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने विक्की और वीरेंद्र को घायलावस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की सूचना मिलते ही शिवकुमार के परिजनों में कोहराम मच गया।
तीन लोगों को कार ने रौंदा, हंगामा
थाना क्षेत्र के शिकारपुर मार्ग पर तेज रफ्तार एक बेकाबू कार ने सड़क पार कर रहीं दो युवतियों समेत तीन लोगों को रौंद दिया। तीनों घायल को स्थानीय अस्पताल से अलीगढ़ रेफर किया गया है। वहीं, मौके पर पहुंचे घायलों के परिजनों ने पुलिस के सामने आरोपी कार चालक की गिरफ्तारी के लिए हंगामा किया।
बुधवार रात करीब 8.30 बजे थाना क्षेत्र के मोहल्ला पठानटोला निवासी इसरत, आसमां और इमरान पैदल जा रहे थे। शिकारपुर मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार आ रही एक बेकाबू कार ने उन्हें कुचल दिया। आसपास के लोगों ने देखा तो घटनास्थल की तरफ दौड़े। हादसे के बाद आरोपी चालक कार लेकर भाग गया।
उधर, मौके पर पहुंचे परिजनों ने आरोपी कार चालक की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। घायल तीनों लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें अलीगढ़ रेफर किया गया है।
अज्ञात कार की टक्कर से दो घायल
स्याना-गढ़ रोड पर पीआईसी कॉलेज के सामने अज्ञात कार चालक ने अन्य कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार स्याना निवासी प्रवीण व उसके भतीजे को गंभीर चोटें आईं हैं। घायल युवक के भाई अरविंद कुमार ने स्याना कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराया है।
जानकारी के अनुसार स्याना के मोहल्ला पट्टी राजाराम निवासी प्रवीण अपनी कार से जा रहे थे। इसी दौरान पीआईसी कालेज के सामने अज्ञात कार चालक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक अपनी कार लेकर भागने में कामयाब हो गया।