थाना क्षेत्र के गांव पीरपुर में बृहस्पतिवार सुबह खेत पर जा रही महिला को कूड़े के ढेर में नवजात बच्चा मिला। रोने की आवाज सुनकर महिला ने नवजात को गोद में उठा लिया। महिला नवजात को डॉक्टर के पास लेकर पहुंची। जहां उपचार के दौरान नवजात ने दम तोड़ दिया। महिला ने उसको दफना दिया।
गांव निवासी रमती देवी पत्नी हरपाल ने बताया कि वह खेत पर पशुओं के लिए चारा लेने जा रही थी। गांव के बाहर पड़े कड़े के ढेर से बच्चे के रोने की आवाज आई। आवाज सुनकर कूड़े के ढेर की तरफ गई तो वहां नवजात बच्चा रो रहा था। महिला द्वारा गोद में उठाते ही नवजात ने रोना बंद कर दिया।
वह चिंतित होकर गांव के ही एक डॉक्टर के पास नवजात को लेकर पहुंची। उपचार के दौरान नवजात की मौत हो गई। डॉक्टर ने भी बच्चे को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद महिला ने अपने परिजनों को जानकारी दी। परिजनों की मदद से महिला ने नवजात को दफना दिया। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को नहीं दी। पुलिस ने घटना की जानकारी से इनकार किया है।