बाइक सवार दो बदमाशों ने नगर कोतवाली क्षेत्र के सुशीला विहार द्वितीय भूड़ में शनिवार को मॉर्निंग वॉक कर रही महिला से सोने की चेन लूट ली। इस दौरान महिला घायल हो गईं। उसके बेटे ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई है।
सुशीला विहार द्वितीय भूड़ निवासी कुंज लता (52) पत्नी किरनपाल शनिवार सुबह घर के सामने ही मॉर्निंग वॉक कर रही थी। 6 बजकर 40 मिनट पर बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उसके गले से डेढ़ तोले सोने की चेन लूट ली। चेन झपटने के दौरान कुंजलता की गर्दन में झटका आ गया।
लुटेरे जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। कुंजलता ने शोर मचाया तो मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। बाद में उसके बेटे हिमांशु चौधरी पुत्र किरनपाल सिंह ने कोतवाली में तहरीर दी।
नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टायर पंक्चर कर दो लाख के मोबाइल गायब किए
स्याना (ब्यूरो)। शातिर बदमाशों ने एक मोबाइल डीलर की कार का टायर पंक्चकर कर करीब दो लाख रुपये के मोबाइल गायब कर दिए। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
स्याना के झंगीरी मंडी में ग्राम भरना निवासी पुष्पेंद्र कुमार की सक्षम इंटर प्राईजेज के नाम से मोबाइल की थोक व फुटकर की दुकान है।
बताया गया कि शुक्रवार की शाम दुकान के बाहर खड़ी अपनी कार में मोबाइल से भरा बैग रखकर वह अपने घर के लिए चला। मेन बाजार तिराहे पर पीछे से आए युवक ने पुष्पेंद्र से कार में पंक्चर होने की बात कही। जिस पर पुष्पेंद्र अपनी कार को चांदपुर चुंगी स्थित टायर पंक्चर की दुकान पर ले गया।
इसी दौरान बदमाशों ने कार के अंदर रखा बैग उड़ा लिया। बैग गायब होने की जानकारी मिलने पर मोबाइल डीलर के होश उड़ गए। पुष्पेंद्र ने घटना की तहरीर स्याना कोतवाली में दी। पीड़ित ने बताया कि बैग में लगभग दो लाख रुपये के मोबाइल रखे थे।
गैस एजेंसी के कर्मचारी से 7200 रूपये की लूट
सिकंदराबाद(ब्यूरो)। बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर गैस एजेंसी के कर्मचारी से 7200 रुपये लूट लिए। सूचना पर पुलिस बदमाशों की तलाश में काबिंग की लेकिन वे हाथ नहीं आए। हालांकि पुलिस वारदात को संदिग्ध मान रही है।
सिरोधन रोड पर साईं गैस एजेंसी चलाने वाले केके यादव ने बताया कि रामबाडा निवासी सचिन वर्मा पुत्र छुट्टन लाल उनके यहां सिलेंडर ले जाने वाले टेपों पर चालक है। शनिवार सुबह सचिन टेपों से सिलेंडर लेकर ग्राम द्वादूपुर नीला जा रहा था। मंजूपुर गांव के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर सचिन से कलेक्शन के 7200 रुपये लूट लिए।
सूचना पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश में काबिंग की लेकिन कोई हाथ नहीं आया। वहीं कोतवाल जितेंद्र कुमार का कहना है सचिन ने केवल नगदी लूट की बात बताई है जबकि उसका मोबाइल उसके पास ही मिला। इस कारण घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है।