शहर की पंचवटी कॉलोनी निवासी लापता हुए अधेड़ जगदीश अरोड़ा की हत्या का शनिवार को एसपी देहात ने खुलासा किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी मिस्त्री ने दो लाख रुपये के लेन-देन के विवाद में जगदीश की हत्या करने की कबूल की है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू बरामद कर उसे जेल भेज दिया है।
एसपी देहात जगदीश शर्मा ने बताया कि आरोपी पप्पू मिस्त्री उर्फ अफजाल अहमद निवासी लाल कुआ बिंदावाला चौक ने पूछताछ में दो लाख रुपये लेन-देन के विवाद में अरनिया क्षेत्र में जाकर जगदीश की चाकुओं से गोदकर हत्या करना स्वीकार लिया।
उसने बताया किदो नवंबर को उसने ही फोन करके मोहल्ला पंचवटी निवासी जगदीश अरोड़ा को पुराना हाईवे स्थित बिजलीघर नंबर चार के पीछे बुलाया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अरनिया क्षेत्र के गांव हिसारा स्थित नहर के समीप हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया।
आरोपी ने बताया कि जगदीश के बार-बार रुपयों का तकादा करने से उसने एक सप्ताह पूर्व हत्या की योजना बनाई। पुलिस ने मृतक की स्कूटी भी बरामद की है।