कोतवाली क्षेत्र के जानीपुर कला उर्फ वैरीना गांव में लोकेश की हत्या अवैध संबंधों के चलते की गई थी। जांच में पता चला है कि एक हत्या आरोपी की पत्नी से लोकेश के अवैध संबंध थे।
काफी समझाने पर भी लोकेश ने महिला से मिलना-जुलना बंद नहीं किया था। इसी बात से नाराज होकर शनिवार शाम आरोपी ने अपने साथियों संग मिलकर लोकेश की हत्या कर दी। इस संबंध में लोकेश के पिता ने तीन लोगों को नामजद कराया है।
पिता विक्रम सिंह ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे लोकेश के गांव निवासी विक्रम पुत्र रामपाल की पत्नी से अवैध संबंध थे। आरोपी विक्रम ने लोकेश को दो बार अपनी पत्नी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था।
तब से वह उसकी हत्या करने की फिराक में था। कुछ दिन पहले लोकेश गांव छोड़कर भाग गया था। शनिवार सुबह वह घर लौटा तो परिजनों को अनहोनी का अंदेशा था। लेकिन बेटे के लौट के आने पर परिजन खुश थे।
उधर, विक्रम पुत्र रामपाल को जैसे ही लोकेश के लौटकर आने की भनक लगी। वह अपने साथी मुकेश उर्फ छोटू पुत्र शंकर और कुलदीप पुत्र सुतेश के साथ मिलकर लोकेश की हत्या की साजिश रची।
फिर लोकेश को घर से जंगल में बुलाकर उसकी गमछे से गला घोटकर हत्या कर दी। इंस्पेक्टर शिकारपुर शत्रुघ्न उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर विक्रम, मुकेश उर्फ छोटू और कुलदीप के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।