जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव खालौर में एक माह पहले राशन डीलर चुनाव के दौरान हुई दो हत्याओं के मुख्य आरोपी दीपक को पुलिस ने कानपुर में दबोच लिया है। पुलिस इस मामले में नामजद आरोपियों में से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज चुकी है। पुलिस पिछले एक माह से दीपक को तलाश कर रही थी।
बता दें कि 23 नवंबर की दोपहर गांव खालौर में राशन डीलर का चुनाव हो रहा था। ग्राम प्रधान राजवती का पुत्र दीपक गांव के ही कलुवा नामक व्यक्ति को चुनाव लड़ा रहा था। जबकि राजवती के सामने प्रधानी का चुनाव हारने वाला ओमवीर अपने चचेरे भाई नेत्रपाल को चुनाव लड़ा रहा था।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी बात को लेकर राशन डीलर का चुनाव लड़ रहे कलुवा का ओमवीर के भाई कुशल से विवाद हो गया था। इसी विवाद ने हुई फायरिंग में गांव निवासी कुशल (28) पुत्र भोले और संजय निवासी बिलसूरी थाना सिकंदराबाद की गोली लगने से मौत हो गई थी। वहीं ओमवीर के चचेरे भाई नेत्रपाल, गिरराज पुत्र जिले सिंह घायल हो गए थे।
पुलिस ने ओमवीर पुत्र भूले सिंह की तहरीर पर दीपक पुत्र दिनेश, राहुल पुत्र हरिओम, कपिल पुत्र हरिओम, दिनेश पुत्र लक्ष्मीचंद, शक्ति पुत्र रामवीर, मोहित पुत्र हरवीर, श्रीपाल पुत्र सिक्का, हरिशंकर पुत्र देवदत्त और दो अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस ने नामजद आरोपियों में से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस वारदात के बाद से ही दीपक की तलाश कर रही थी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस की एक टीम ने दीपक को बुधवार रात कानपुर में दबोच लिया है लेकिन पुलिस इस बारे में खुलकर बोलने से बच रही है। एसपी देहात जगदीश शर्मा का कहना है कि पुलिस खालौर मामले के मुख्य आरोपी दीपक निवासी खालौर के काफी नजदीक है। जल्द ही गिरफ्तार होगी।