डॉ. अतर सिंह सैनी
- फोटो : ब्यूरो
रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों की गोली से घायल खल कारोबारी नोएडा के कैलाश अस्पताल में 13 दिन बाद मंगलवार को जिदंगी की जंग हार गए। कारोबारी की मौत से कस्बे के व्यापारियों में शोक का माहौल है।
बता दें कि एक दिसंबर को पवसरा रोड स्थित खल-चुन्नी की दुकान पर नई बस्ती निवासी कारोबारी डॉ. अतर सिंह सैनी को रंगदारी नहीं देने पर कुख्यात अन्नी गुर्जर के गुर्गों ने गोली मार दी थी। परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया था।
चिकित्सकों ने कारोबारी के शरीर से 9 गोलियां निकालकर सफल ऑपरेशन किया था। परिजनों के अनुसार दो दिन पूर्व घायल कारोबारी को दिल का दौड़ा पड़ने के साथ उनके शरीर में इंफेक्शन फैल गया था। बाद में उन्हें आईसीयू में रखा गया था।
मंगलवार शाम करीब 6 बजे कारोबारी डॉ. अतरसिंह सैनी ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और पुलिस में हड़कंप मच गया। उधर, चिकित्सकों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर औरंगाबाद अरविंद कुमार ने मामले की जानकारी से इंकार किया है। जबकि परिजनों ने मौत की पुष्टि की है।