रास्ते में रोककर होंडा कंपनी के कर्मचारी संजय की हत्या के 24 घंटे बाद भी पुलिस उसकी पत्नी के बयान नहीं ले सकी है जो वारदात के वक्त मौके पर मौजूद थी। अलबत्ता वारदात की वजह तलाश रही पुलिस अपनी जांच दंपति के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल पर केंद्रित कर रही है। वहीं पोस्टमार्टम में एक ही गोली से संजय की मौत होना सामने आया है।
पिपाला गांव निवासी संजय (27) की रविवार दोपहर उस वक्त हत्या कर दी गई थी, जब वह पत्नी गीता को दवाई दिलाकर गुलावठी से बाइक से लौट रहा था। निमचाना रजवाहे पर यह वारदात हुई। हत्या के अभी तक कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
देर रात पोस्टमार्टम कराने के बाद शव का गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। अगौता एसओ अवनीश कुमार ने बताया कि सोमवार दोपहर वह मृतक की पत्नी के बयान लेने के लिए गांव पहुंचे। गीता बार-बार रो रही थी, इसलिए उसके बयान नहीं हो पाए। एसओ ने बताया कि मृतक और उसकी पत्नी के मोबाइल की पूरी सीडीआर निकलवाई जा रही है। उधर, शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसे एक गोली लगने की पुष्टि हुई है।