ब्लॉक के पास एक दुकान के आगे के टीन शेड में शनिवार सुबह संभल के हिस्ट्रीशीटर की लाश मिली। उसके सिर में गोली लगी है। पुलिस फौरी जांच के बाद आत्महत्या बता रही है लेकिन मौके पर तमंचा नहीं मिला हत्या की ओर संकेत दे रहा है।
जेब से मिले मोबाइल के नंबरों पर बात कर पुलिस ने उसकी शिनाख्त संभल जिले के रजपुरा थाना के गांव चमरपुरा निवासी किशनवीर पुत्र नत्थूसिंह के रूप में की। फिलहाल पुलिस ने तस्करा डालकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
जांच के लिए मेरठ और बुलंदशहर से फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी पहुंची। साथ ही एसपी देहात पंकज पांडेय ने भी मौका-मुआयना किया। परिजनों ने तहरीर देकर हत्या या आत्महत्या का खुलासा करने की मांग की है।
ब्लॉक के पास भारद्वाज कालोनी के गेट पर गांव बगसरा निवासी संजय बघ्ेाल की आटा चक्की है। उसकी दुकान के आगे के टीनशेड में पड़े तख्त पर किशनवीर का शव मिला। गोली लगने से सिर फट गया था और भेजा फैल चुका था।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। मृतक की जेब से मोबाइल मिला जिससे हुई आखिरी कॉल के आधार पर मृतक की शिनाख्त किशनवीर पुत्र नत्थूसिंह निवासी गांव चमरपुरा थाना रजपुरा के तौर पर हुई।
मृतक की जेब से एक315 बोर का जिंदा कारतूस, दस रुपये, बीड़ी-माचिस और एक गोली मिली है। सूचना पर परिजन भी पहुंचे। पुलिस ने जीडी में तस्करा डाल शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।