नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ऊपरकोट निवासी दो युवकों से सऊदी अरब में नौकरी का झांसा देकर दो लाख रुपये ठगी का मामला सामने आया है।
पीड़ितों ने जब रुपये मांगे तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। अब आरोपी अपने परिवार के लोगों सहित भागे हुए हैं। एसएसपी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ऊपरकोट निवासी अशरफ और रफीक ने एसएसपी को दी तहरीर में बताया कि करीब छह माह पहले दिल्ली निवासी दो युवकों से उनका संपर्क हुआ था।
दोनों युवकों ने खुद को ट्रैवल एजेंट बताया। उन्होंने कहा कि वह सऊदी अरब में नौकरी करते हैं और वहां उन्हें अच्छी तनख्वाह मिलती है। दोनों युवकों ने अशरफ और रफीक को सऊदी अरब भेजने और अच्छी नौकरी दिलाने का दावा किया।
इसके एवज में तीन-तीन लाख रुपये की मांग की। शुरुआती औपचारिकताएं पूरी करने के लिए दोनों ने एक-एक लाख रुपये की मांग की। अशरफ और रफीक ने उनकी बातों में आकर जनवरी 2016 में एक-एक लाख रुपये दे दिए।
आरोप है कि जब वीजा न मिलने पर रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। जब वह उनके घर पहुंचे तो घर पर ताला लगा मिला। आरोपी परिवार सहित कहीं भाग गए हैं। एसएसपी ने पीड़ित युवकों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।