अनूपशहर और डिबाई पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर एसडीएम डिबाई और एसडीएम अनूपशहर को धमकाने वाले चार शातिरों को भूड़ चौराहे से दबोच लिया है। आरोपी गाजियाबाद से टेलीकॉम उपकरणों के जरिए अधिकारियों को धमकी देते थे। आरोपियों की निशानदेही पर टेलीकॉम उपकरण भी बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कनेक्शन हवाला से भी जुड़े होने की संभावना जताई है। एसपी देहात जगदीश शर्मा ने बताया कि दो सप्ताह पहले एसडीएम डिबाई और एसडीएम अनूपशहर के सीयूजी नंबर पर जान से मरने की धमकी दी गई थीं। पुलिस ने घेराबंदी कर चार संदिग्धों को दबोच लिया।
आरोपियों की पहचान वसीम, नईम पुत्र आंशू खान, मोहम्मद साजिद पुत्र शेर मोहम्मद निवासी दीपक बिहार खोड़ा कॉलोनी गाजियाबाद और समीर पुत्र पीरू खान निवासी डेल्टा प्रथम फ्लैट-340 थाना कासना जनपद गौतमबुद्धनगर के रूप में की गई।
एसपी देहात ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों से पता चला कि अशद नाम के व्यक्ति से सरफुद्दीन पुत्र इमामुद्दीन निवासी आजमगढ़ के माध्यम से इन मशीनों को खरीदा था। पुलिस के पकड़े जाने के डर से एक-दो माह के भीतर अन्य मशीनों को भी ऐसी जगह स्थापित करते रहते थे, जहां पर 100 से 150 एमबीपीएस स्पीड मिल सके।
आरोपियों को बताया गया था कि 24 घंटे के भीतर सिस्टम के माध्यम से जो कॉल होगी हर कॉल का 9 से 10 पैसे के हिसाब से मिलेगा। एसपी देहात ने बताया कि आरोपियों के पास से बरामद सिस्टम से 28 फरवरी को एसडीएम अनूपशहर व एक मार्च को एसडीएम डिबाई के सीयूजी नंबर पर कॉल कर धमकी दी गई थी।
इन सिस्टमों के माध्यम से की जाने वाली कॉलों को ट्रेस किया जाना संभव नहीं हो पाता है। इन सिस्टमों द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा एवं हवाला संबंधी कॉल किए जाने की भी संभावना है।