नगर के मूड़ाखेड़ा चौराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस को कार में रखे 44 लाख के नए नोट मिले। सूचना पर प्रशासनिक अफसर और आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि जांच के बाद पता चला कि कार में रखे नोट बैंक ऑफ बड़ौदा के थे। मौके पर पहुंचकर अधिकारियों द्वारा दस्तावेज प्रस्तुत करने पर कार को छोड़ दिया गया।
बुधवार को भी मूड़खेड़ा चौराहे के पास कोतवाली पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे बुलंदशहर की तरफ से आ रही कार को पुलिस ने रुकवाया। तलाशी पर कार में नए नोट मिले। पूछताछ करने पर कार सवारों ने बताया कि इसमें रखे 44 लाख रुपये के नोट बैंक ऑफ बड़ौदा के हैं।
एसडीएम की सूचना पर आयकर विभाग के अधिकारियों ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी। उधर, बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक मनोज कुमार गुप्ता और खुर्जा जंक्शन शाखा के प्रबंधक सुरभि सिंह भी कोतवाली पहुंच गए। दस्तावेज दिखाने के बाद काफी देर तक चली जांच से पुष्टि होने पर बैंक अधिकारियों को 44 लाख रुपये सौंप दिए गए।
मूड़ाखेड़ा चौराहे पर चेकिंग के दौरान कार में 44 लाख रुपये की सूचना मिलने के बाद मौके पर जांच की गई। दस्तावेज सही पाए जाने पर बैंक आफ बड़ौदा शाखा के अधिकारियों को रुपये सौंप दिए गए।
- राहुल यादव, एसडीएम, खुर्जा