फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्याना में माहौल खराब करने की साजिश नाकाम

Wed, 08 Mar 2017 11:13 PM IST
अमर उजाला/बुलंदशहर
विज्ञापन
स्याना में एसडीएम को ज्ञापन देते लोग।  - फोटो : ब्यूरो
विज्ञापन
क्षेत्र के नयागांव मजरा साहनपुर में असामाजिक तत्वों ने धर्म विशेष के गणमान्य लोगों के घरों पर धमकी भरे पोस्टर चिपकाकर माहौल खराब करने की कोशिश की। इससे लोगों में आक्रोश फैला तो पुलिस एक्शन में आई।
विज्ञापन


आनन-फानन दोनों वर्गों के 13 लोगों को नामजद करते हुए दो-दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। शांति व्यवस्था बरकरार रखने के लिए कोतवाल व तहसीलदार ने दोनों पक्षों को बुलाकर बैठक की।

बता दें कि नयागांव मजरा साहनपुर के मोहल्ले में कुत्ते ने एक व्यक्ति की मुर्गी को मार दिया था। इसके बाद किसी ने कुत्ते को मार डाला। मोहल्ले में रहने वाले अभिषेक और गुडडू ने विरोध जताया तो दोनों पक्षों के बीच विवाद भी हुआ था।
विज्ञापन


मंगलवार रात धर्म विशेष को मानने वाले संगठन से जुड़े लोगों के घरों पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी भरे पोस्टर दीवारों पर चिपका दिए। बुधवार सुबह दीवार पर पोस्टर चिपके देख गांव के एक पक्ष के लोगों में रोष फैल गया। काफी संख्या में लोग एकत्र होकर तहसील मुख्यालय पहुंच गए।

उन्होंने पोस्टर चिपकाए जाने पर रोष जताते हुए ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली पुलिस ने 13 लोगों को नामजद करते हुए एक पक्ष की ओर से रईसुददीन, मुजरे और दूसरे पक्ष की ओर से गुडडू व अभिषेक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

इसके बाद स्याना कोतवाल आरके शर्मा और तहसीलदार इदरीश अहमद ने गांव में शांति व्यवस्था बनाने के लिए प्राईमरी स्कूल में दोनों पक्षों की संयुक्त बैठक की। इसमें दोनों पक्षों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।  साथ ही चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति शांति व्यवस्था भंग करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 माहौल खराब करने वालों काे समाज में जगह नहीं
सोशल नेटवर्किंग साइटों पर भड़काऊ वीडियो डालने से हुआ बवाल अभी शांत भी नहीं हुआ था कि स्याना के एक गांव में एक बार फिर माहौल खराब करने की कोशिश की गई। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए  दोनों पक्षों के दो-दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। लोगों ने माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आवाज उठानी शुरू कर दी है। लोगों के मुताबिक, ऐसे लोगों का समाज में कोई स्थान नहीं है।

समाज में धर्म के नाम पर जहर घोलने वालों को हम लोग मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। ऐसे असामाजिक तत्वों को उनके नापाक मंसूबों में कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। - मौलाना अब्दुल अली खां
धर्म और किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला अपनी संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है। ऐसा व्यक्ति किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि समाज का दुश्मन होता है। - मारूफ खां नंबरदार
माहौल खराब करने वाले का समाज में कोई स्थान नहीं है। ऐसे लोगों का परिवार के लोगों का भी सामाजिक बहिष्कार करना चाहिए। ताकि गंदी मानसिकता वाले लोगों को बढ़ावा नहीं मिल सके।
- राजेश लोधी
आपत्तिजनक वीडियो, फोटो और टिप्पणियों पर कोई भी ध्यान न दें। संज्ञान में आने पर ऐसे असामाजिक तत्व के खिलाफ तत्काल पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराएं। तभी ऐसे लोगों से निपटा जा सकता है।- बॉबी शर्मा
विज्ञापन


 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें