ड्रग्स विभाग की टीम ने सोमवार को नगर में दो स्थानों पर छापा मारकर कुल 23 प्रतिबंधित ओक्सीटोसीन इंजेक्शन बरामद किए है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मेरठ डिवीजन के असिस्टेंट कमिश्नर ड्रग्स राजेश श्रीवास्तव, बुलंदशहर के ड्रग्स इंस्पेक्टर नरेश मोहन दीपक एवं मेरठ के ड्रग्स इंस्पेक्टर संदीप कुमार की टीम ने पुलिस को साथ लेकर नगर में दो स्थानों पर छापा मारा।
यहां से उन्होंने 23 प्रतिबंधित ऑक्सीटोसीन इंजेक्शन बरामद किए। श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार को उन्होंने हापुड़ में एक मकान से साढे़ तीन लाख रुपये के ऑक्सीटोसीन इंजेक्शन पकड़े थे। कार्रवाई के दौरान उन्हें सूचना मिली थी कि गुलावठी में भी कुछ लोग ऑक्सीटोसीन इंजेक्शन का कारोबार कर रहें हैं।
सोमवार को उन्होंने पुलिस के साथ दुकानदार सुनील के घर पर छापा मारकर ढाई लीटर ऑक्सीटोसीन बरामद की। जीटी रोड़ स्थित एक परचून की दुकान पर गिरीश नामक दुकानदार पर छापा मारकर 600 मि.ली. बरामद किया गया। इस संबंध में सुनील तथा गिरीश को गिरफ्तार किया गया है।
ड्रग्स इंस्पेक्टर बुलंदशहर के अनुसार सुनील को वर्ष 2011 में भी ऑक्सीटोसीन रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उस मामले में सुनील जमानत पर था। पुलिस ने ड्रग्स इंस्पेक्टर बुलंदशहर नरेश मोहन दीपक की तहरीर पर ड्रग्स एक्ट की धारा 18/27 तथा आईपीसी की धारा 275 एवं 420 के तहत दोनों आरोपियों का चालान कर दिया है।
शिकारपुर में भी मारा छापा
हापुड़ से मिले इनपुट के आधार पर सोमवार शाम औषधी विभाग के एडीशनल कमिश्नर राजेश श्रीवास्तव, औषधि निरीक्षक मेरठ संदीप कुमार व औषधि निरीक्षक बुलंदशहर नरेश मोहन दीपक ने पुलिस के साथ शिकारपुर के मेन रोड स्थित अंजान मेडिकल स्टोर पर छापा मारा।
छापे के दौरान टीम ने स्टोर से प्रतिबंधित ऑक्सीटोसीन इंजेक्शन का जखीरा बरामद किया है। वहीं मेडिकल स्टोर संचालक रतन लाल निवासी सराय पुख्ता शिकारपुर को हिरासत में ले लिया गया है।
ड्रग इंस्पेक्टर नरेश मोहन दीपक ने बताया कि छापे में ऑक्सीटोसीन इंजेक्शन एक मिली की 17 हजार 600 शीशी, 50 मिली की 308 शीशी, 100 मिली की 136, 175 मिली की 376 प्लास्टिक बोतल बरामद की गई है। कोतवाली प्रभारी पीआर शर्मा ने बताया कि डीआई की तहरीर पर आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक रतनलाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।