रेलवे में दिल्ली में क्लर्क के पद पर तैनात पिता अपनी बेटी की जुदाई सहन नहीं कर सका। बेटी की डोली उठने के एक घंटा बाद ही पिता को बेटी के वियोग के सदमे से हार्टअटैक आ गया। अस्पताल ले जाते समय पिता की रास्ते में ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव धनौरा निवासी महिपाल शर्मा (52) रेलवे में दिल्ली में क्लर्क के पद पर कार्यरत थे। वह परिवार के साथ दिल्ली में ही रहते थे। परिवार के अन्य लोग आज भी गांव में रह रहे है। उनके चार बेटी निशी, पिंकी, नेहा, डोली उर्फ नीलम, सबसे छोटा बेटा राहुल है। बड़ी तीन बेटियों की शादी हो चुकी है।
छोटी बेटी डोली की शादी करने के लिए वह परिवार के साथ गांव धनौरा में आए हुए थे। सोमवार की शाम डोली की फरीदाबाद से बारात आई थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे डोली की विदाई हुई। परिवार के लोगों ने बताया कि डोली की विदाई होते ही पिता महिपाल गमजदा हो गए। बेटी का वियोग वह सहन नहीं कर सके।
डोली की विदाई के एक घंटे बाद ही उन्हें हार्ट अटैक आ गया। उपचार के लिए उन्हें झाझर अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर महिपाल को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया कि बुलंदशहर ले जाते समय रास्ते में करीब 10 बजे उनकी मौत हो गई। महिपाल की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। शादी की खुशियां मातम में बदल गई। सांत्वना देने के लिए शोकागुल परिवार के यहां लोगों का तांता लगा है।