नगर कोतवाली क्षेत्र में कचहरी के निकट सोमवार को कांग्रेस नगर अध्यक्ष के बेटे ने अपने साथियों के साथ एक युवक को मारपीट कर अधमरा कर दिया।
परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायल युवक के भाई ने तीन नामजद समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मोहल्ला सरायकाजी निवासी उस्मान पुत्र अख्तर अली ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसके भाई रिजवान से कुछ लड़के रंजिश मानते हैं।
सोमवार शाम वह नुमाइश की ओर से बाइक से घर आ रहा था। कचहरी के निकट कांग्रेस नगर अध्यक्ष मुनीर अकबर के बेटे ऐहतराम निवासी अवर जिंदयाल ऊपरकोट, अजल पुत्र बाबू निवासी मोहल्ला काली मस्जिद, बिलाल पुत्र इलियास निवासी मोहल्ला पड़ौकियान व दो अज्ञात लड़कों ने उसे रोक लिया।
आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटा। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि घायल युवक के भाई उस्मान की तहरीर पर ऐहतराम, अजल, बिलाल और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।