खुर्जा जा रहे पशु व्यापारी से तमंचे के बल पर बदमाशों ने 20 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर लुटेरों ने तमंचे की बट से व्यापारी को घायल कर दिया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित ने चौकी में तहरीर दी है।
रबूपुरा जिला गौतमबुद्धनगर निवासी मुस्तकीम (30) पुत्र हाजी अलीम ने पुलिस को बताया कि वह पशु खरीदने-बेचने का काम करता है। बुधवार रात करीब 10 बजे वह रबूपुरा से खुर्जा स्थित रिश्तेदारी में जा रहा था।
जैसे ही वह चोला चौकी के आसपास पहुंचा पीछे से दो बाइक सवार पांच बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। फिर तमंचे के बल पर जेब में रखे 20 हजार रुपये निकाल लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने तमंचे की बट सिर फोड़ दिया।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायलावस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी। पीड़ित ने लुटेरों के खिलाफ तहरीर दी है।