नगर कोतवाली क्षेत्र में बाइपास पर मंगलवार दोपहर रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे दिल्ली रेफर किया गया है।
मोहल्ला ईंटा रोड़ी निवासी निशांत उर्फ निखिल(23) प्राइवेट नौकरी करता था। गणतंत्र दिवस के मौके पर वह घर आया हुआ था।
मंगलवार दोपहर वह अपने दोस्त न्यू राजनगर चांदपुर निवासी ललित उर्फ लवकेश(25) के साथ बाइक पर बैठकर बाइपास रोड स्थित मॉल घूमने जा रहा था।
बाइपास रोड पर नाला बनने के चलते गाजियाबाद डिपो की बस रांग साइड से आ रही थी। किसी वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में रोडवेज बस ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस काफी दूर तक निशांत को घसीटते हुए ले गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों में से किसी हेल्मेट नहीं पहना था।
बुरी तरह जख्मी हुए निशांत ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि ललित गंभीर रूप से घायल हो गया। बस चालक बस छोड़कर फरार हो गया।
बस ने कुचला, जीजा की मौत, साला घायल
तेज रफ्तार अनुबंधित बस ने बाइक सवार जीजा-साले को टक्कर मार दी। दुर्घटना में जीजा की मौके पर ही मौत हो गई। साले को घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्ताल में भर्ती कराया गया।
बस चालक, परिचालक बस छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। जानकारी के अनुसार कास्थवाड़ा निवासी गंगा राम सैनी(35)अपने साले जेवर निवासी योगेश पुत्र देवीचरण हाल निवासी मोहल्ला झारखंड़ी सिकंदराबाद के साथ बाइक से बुलंदशहर की ओर जा रहा था।
दोपहर करीब 3 बजे बुलंदशहर की ओर से तेज गति से आ रही बुलंदशहर डिपो की अनुबंधित बस ने गंज गेट के पास बाइक में सामने से टक्कर मार दी।
दुर्घटना में गंगा राम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पीछे बैठा योगेश घायल हो गया। बस चालक व परिचालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल योगेश को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया।