शादी के अगले दिन दूल्हे के जागने से पहले घर में मौजूद कैश और जेवर समेटकर दुल्हन फरार हो गई। हैरान-परेशान पति पहुंचा ससुराल तो पता चला दुल्हन दो बच्चों की मां है और इसी तरह कई लोगों को अपना शिकार बना चुकी है।
वहां दुल्हन से मुलाकात हुई तो उसने धमकी दी कि वह दहेज का केस लगाकर 4-5 लाख रुपये और ऐंठेगी। बिचौलियों और चौकी-थाने के चक्कर लगाने के बाद अब पीड़ित एसपी सिटी के पास पहुंचा तो उनके आदेश पर कोतवाली देहात पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
लुटेरी दुल्हन के शिकार बना कोतवाली देहात के गांव धमरावली निवासी स्व. हीरालाल शर्मा का बेटा मनोज कुमार शर्मा । वह पिता की मौत के बाद मां के साथ गांव में रह रहा था। 20 मई 2015 को गांव के एक परिचित के साथ कुछ लोग उसके लिए रिश्ता लेकर घर आए।
इन लोगों में रबूपुरा निवासी युवती का पिता भी था। शादी की बात तय हुई तो युवती के पिता ने अपनी आर्थिक स्थिति कमजोर बताते हुए सम्मानजनक तरीके से शादी करने के लिए एक लाख रुपये मुहैया कराने की गुहार लगाई।
किसी तरह 1.20 लाख रुपये जुटाकर मनोज ने युवती के पिता को दिए। 30 मई को सगाई हुई और तीन जून को शादी तय हुई। युवती के पिता ने अपने पैतृक गांव में बारात न बुलाकर किसी अन्य गांव में बारात बुलाई।
युवती से विवाह कर वह अपने घर ले आया। मनोज ने पुलिस को बताया कि जब अगली सुबह वह उठा तो पत्नी गायब थी। दुल्हन के जेवर और घर में रखा कैश भी नहीं था।
हैरान-परेशान जब वह अपनी ससुराल पहुंचा तो पता चला कि उसकी दुल्हन पहले से शादीशुदा और दो बच्चों की मां है। समझौता करने के लिए पी़िड़त ने बिचौलियों के जरिए बात बढ़ाई।
बात न बनने पर चौकी और थाने के चक्कर भी लगाए। कहीं सुनवाई न होने पर रविवार को वह एसपी सिटी के पास पहुंचा। उसकी तहरीर पर एसपी सिटी ने कोतवाली देहात को जांच और कार्रवाई के आदेश दिए।
शादी के नाम पर युवक के साथ ठगी हुई है। मनोज के मुताबिक, उसकी पत्नी जेवरात और कैश लेकर फरार हो गई। देहात कोतवाल को मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। -राजेश कुमार-एसपी सिटी