बिना अनुमति निकाले गए जुलूस को रोकने पर पुलिस से नोकझोंक करते भाजपाई।
- फोटो : ब्यूरो
बिना अनुमति जुलूस निकालने के आरोप में पुलिस ने भाजपा नगर अध्यक्ष को हिरासत में ले लिया। उनको छुड़ाने के लिए कोतवाली पहुंचे भाजपाइयों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। पुलिस ने हंगामा कर रहे भाजपाइयों को वहां से खदेड़ दिया। हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने नगर अध्यक्ष समेत 20 अज्ञात पर ने आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली प्रभारी धनंजय मिश्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार को भाजपा कार्यकर्ता वार्ड नंबर 17 के पास बिना अनुमति के जुलूस निकाल रहे थे। सूचना पर टीम के साथ वह मौके पर पहुंचे और नगर अध्यक्ष हरजीत टीटू समेत दो लोगों को हिरासत में कोतवाली ले आए। इसकी खबर लगते ही भाजपा कार्यकर्ता कोतवाली में जमा हो गए और हंगामा कर नगर अध्यक्ष को छोड़ने की मांग की।
हंगामे की सूचना पर एसडीएम राहुल यादव भी कोतवाली पहुंच गए। पुलिस ने भाजपाइयों को कोतवाली से बाहर खदेड़ दिया। एसडीएम राहुल यादव ने बताया कि उन्होंने कोतवाली प्रभारी को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसडीएम के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने नगर अध्यक्ष हरजीत टीटू समेत 20 अज्ञात लोगों पर आचार संहिता उल्लंघन करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
उधर, नगर अध्यक्ष हरजीत टीटू ने बताया कि उन्होंने पुलिस-प्रशासन से जुलूस निकालने की अनुमति मांगी थी। पुलिस से अनुमति न मिलने पर वह शांतिपूर्ण तरीके से भाजपा प्रत्याशी विजेंद्र खटीक के लिए जनसंपर्क कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने जुलूस निकालने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की।