घर में घुसकर मां-बेटी के साथ छेड़छाड़, रिपोर्ट दर्ज
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी मां-बेटी के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ करने व विरोध पर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित युवती ने नगर कोतवाली में आरोपी युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस दोनों आरोपियाें की तलाश में जुट गई है। नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती ने मंगलवार को नगर कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि सोमवार शाम वह और उसकी मां घर पर थीं। इस दौरान नगर के ऊपरकोट निवासी युवक शहजाद उर्फ सुखा व मंसूर गाजी उनके घर में घुस आए। आरोप है कि इस दौरान दोनों ने मां-बेटी के साथ अभद्रता करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट करते हुए छेड़छाड़ की। पीड़ित मां-बेटी का शोर सुनकर अन्य लोगों को आते देख आरोपी हत्या की धमकी देकर भाग निकले। पीड़ित की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। नगर कोतवाल ध्रुव भूषण दुबे ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। जल्द ही दोनों को दबोच लिया जाएगा। ब्यूरो