महिला के साथ छेड़छाड़, दुष्कर्म का प्रयास
बुलंदशहर। घर से खेतों पर चारा लेने के लिए गई महिला के साथ गांव निवासी आरोपी ने छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पीड़िता ने एसएसपी को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने एसएसपी को भेजे पत्र में बताया कि गत 20 फरवरी की शाम करीब पांच बजे वह खेतों पर पशुओं का चारा लेने के लिए गई थी। इस दौरान गांव निवासी एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। पीड़िता के शोर मचाने पर कुछ लोगों को आता हुआ देख कर आरोपी मौके से उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। पीड़िता ने परिजनों संग थाने पहुंच कर मामले की शिकायत की थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहा है और पीड़िता को जान से मारने की धमकी दे रहा है।