किशोरी को अगवा करने वाला आरोपी गिरफ्तार
-पुलिस ने पीड़िता के दर्ज कराए मजिस्ट्रेट बयान
चोला। गांव के बाहर से किशोरी को बीते 28 दिसंबर को अगवा करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। किशोरी को पड़ोस के गांव निवासी नदीम ने अगवा किया था। किशोरी ने मजिस्ट्रेट को दिए बयान में इस जानकारी दी।
चौकी क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति ने पड़ोसी गांव निवासी नदीम पुत्र एजाज पर अपनी नाबालिग बेटी को अगवा करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 11 जनवरी को किशोरी गाजियाबाद के खोड़ा से बरामद कर लिया था। शनिवार को पुलिस ने किशोरी के मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान कराए। चौकी प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि किशोरी ने अपने बयानों में बताया कि नदीम ने अपने एक साथी के साथ मिलकर उसे अगवा किया था। पुलिस उसके साथी का पता लगाने का प्रयास कर रही है।