गुलावठी पुलिस ने पतंजलि के प्रोडक्ट से भरा ट्रक लूटने वाले गैंग के सरगना समेत चार लुटेरों को गिरफ्तार किया है। साथ ही लूट के कैंटर सहित 20 लाख का माल भी बरामद कर लिया है। एक सप्ताह पहले गुलावठी थाना क्षेत्र में चालक को बंधक बनाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था।
एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि एक जनवरी को मुकुट सिंह पुत्र रामचंद्र निवासी नंगला धीरी गांव थाना सिंधी जिला फिरोजाबाद ने थाना गुलावठी में कैंटर लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मुकुट ने बताया था कि वह अपने कैंटर में पतंजलि प्रोडक्ट का सामान भरकर आगरा जा रहे थे।
तभी छपरावत गांव के पास बदमाशों ने कैंटर को ओवरटेक कर रुकवा लिया था। फिर बंधक बनाकर बदमाशों ने चालक और हेल्पर को सड़क किनारे फेंक दिया था। एसपी सिटी ने बताया कि सूचना के आधार पर चार बदमाशों को हाफिजपुर बॉर्डर स्थित मन्नत गार्डन के पास से पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूट के बाद सलीम पुत्र समद निवासी बदरखा गांव, थाना गढ़मुक्तेश्वर जिला हापुड़ के यहां गाड़ी खड़ी कर सामान बेचने की फिराक में थे। जब पुलिस गांव बदरखा पहुंची तो सलीम व जाहिद पुत्र वाहिद दोनों गाड़ी से सामान को उतारकर सलीम के मकान में रख रहे थे।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान आसिफ पुत्र खुर्शेद निवासी मेरठ (सरगना), कासिम कुरैशी पुत्र बाबू निवासी गढ़मुक्तेश्वर, माजिद उर्फ मन्नू शेख पुत्र यूनुस निवासी हापुड़ और फिरोज पुत्र हसमत अली निवासी पिलखुवा के रूप में हुई है।